यूपी का मौसम : यूपी में आने वाले दिनों में शीतलहर से थोड़ी राहत मिलेगी। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है। हालांकि घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में चल रही शीतलहर पर कुछ दिनों तक लगाम लगने वाली है। पूर्वी हवाओं के असर से पिछले 24 घंटों में राजधानी लखनऊ समेत यूपी के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राजधानी लखनऊ में रविवार रात न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शनिवार रात यहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री था। अयोध्या में भी एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार रात बलिया, चुरुक, अयोध्या, अमेठी और झांसी शीतलहर की चपेट में रहे। वहीं, घने कोहरे के कारण सोमवार को कानपुर, अमेठी, बरेली, बहराइच आदि में दृश्यता घटकर 300 मीटर के आसपास रह गई।
वहीं पश्चमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो इस क्षेत्र में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मेरठ-सहारनपुर रविवार की रात में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया। लगातार शीत लहर का कहर देखने को मिला। ठंडी हवाओं के चलते बुजुर्गों और बच्चों को खासी दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मंगलवार से पुरवा हवा जोर पकड़ेगी और तापमान में मामूली बढ़ोतरी के साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिलेगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अफगानिस्तान के आसपास विकसित हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ और मध्य पाकिस्तान पर बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम और अपेक्षाकृत गर्म पुरवा हवाओं के कारण तराई और पूर्वांचल समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और अगले दो से तीन दिनों तक शीतलहर से राहत मिलेगी। Weather in UP
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...