सोनभद्र : जनपद सोनभद्र की तीन सगी बहनों ने उत्तर प्रदेश कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में अंतिम रूप से चयनित होकर न सिर्फ जिले का नाम रोशन किया है बल्कि माता-पिता का सिर भी गर्व से ऊंचा कर दिया है। ख़ास बात ये है तीनों बहनें साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। इनके पिता किसान हैं। इनके दादा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे हैं। ग्रामीण परिवेश और पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद इन्होंने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा पास कर ली है। इनके चयन से गांव ही नहीं बल्कि जिले में भी खुशी का माहौल है। लोग इनके परिजनों को बधाई देने पहुंच रहे हैं।

आपको बता दें कि सोनभद्र जिले के थाना करमा इलाके के करकी गांव निवासी साधारण किसान के घर में जन्मी आराधना पटेल, मंजू पटेल और सुमन सिंह पटेल ने सिपाही भर्ती परीक्षा को पास कर लिया है। पुलिस भर्ती में चयनित होकर तीनों बहनों ने परिवार ही नहीं बल्कि जिले का भी नाम रोशन किया है। इन लड़कियों ने गांव के पास स्थित हंसवाहिनी इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद इन्होंने पास में ही स्थित जेएसपी डिग्री कॉलेज से बीए किया। इसके बाद इन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन तैयारी शुरू कर दी। इनमें से सुमन सिंह पटेल की शादी वर्ष 2020 में हो गई। इसके बावजूद तीनों ने इस वर्ष कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
इसका श्रेय तीनों बहनें अपने गुरुजनों व माता-पिता को दे रही हैं। चयनित लड़कियों ने बताया कि उनके पिता ने उन्हें कड़ी मेहनत से पढ़ाया। उन्होंने कभी पढ़ाई से नहीं रोका। हमारे दादा का आशीर्वाद पहले से ही था, जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। लड़कियों के बारे में हंसवाहिनी इंटर कॉलेज कसया के प्रधानाचार्य उमाकांत मिश्रा जो उनके शिक्षक थे, ने बताया कि तीनों लड़कियां पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी रुचि रखती थीं। तीनों खेलकूद प्रतियोगिताओं में खूब हिस्सा लेती थीं।
उन्होंने इंटर तक की शिक्षा हंसवाहिनी इंटर कॉलेज से प्राप्त की है। उनके पिता अनिल कुमार कहते हैं कि हमारे पिता यज्ञ नारायण सिंह पटेल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उनके आशीर्वाद व लड़कियों की पढ़ाई के प्रति लगन से उन्हें सफलता मिली है। वह एक साधारण किसान हैं। उनके लिए परिवार का खर्च चलाना एक चुनौती है। लड़कियों के चयनित होने के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल है। लोग लड़कियों की तारीफ कर रहे हैं। UP Police Bharti
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...