आगरा : ताजनगरी आगरा के बरहन के गढ़ी धार गांव में युवती की मौत हो गई। पिता ने रात में ही अपने खेत में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में आग जलती देखी तो पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पिता ने बेटी की हत्या कर शव जला दिया। इस पर पुलिस ने पिता हाकिम सिंह को हिरासत में लिया है। पिता ने पूछताछ में बताया कि बेटी ने रात में ही आत्महत्या कर ली थी। शुक्रवार सुबह जब देखा तो उसका अंतिम संस्कार कर दिया। एसीपी एत्मादपुर पीयूष कांत राय ने बताया कि सभी पहलुओं के आधार पर जांच की जा रही है।
हाकिम सिंह ने पुलिस को बताया कि 22 वर्षीय बेटी क्षमा चौधरी ने गुरुवार देर रात आत्महत्या कर ली थी। शुक्रवार सुबह मैंने कमरे में बेटी का शव देखा। जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, ग्रामीणों ने बेटी की हत्या कर शव जलाने का आरोप लगाया है। हाकिम सिंह ने पुलिस को बताया कि चार साल पहले बीमारी के चलते उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। बेटी क्षमा घर का सारा काम करती थी। मेरा छह साल का बेटा भी है।
एसीपी एत्मादपुर पीयूष कांत राय ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से अवशेष व अन्य सामान बरामद किया है। जिसके आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस ने हाकिम सिंह को हिरासत में ले लिया। उसके छह साल के बेटे से भी पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि हाकिम सिंह आक्रामक स्वभाव का था। वह अक्सर जानवरों के साथ भी क्रूरता से पेश आता था। लोगों के साथ भी उसका व्यवहार ठीक नहीं था।
पुलिस मामले में 3 बड़े सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है। अगर क्षमा ने आत्महत्या की तो उसका अंतिम संस्कार रात के अंधेरे में गुपचुप तरीके से क्यों किया गया? अंतिम संस्कार में कौन शामिल हुआ? शव को घर से खेत तक कौन ले गया? डीसीपी पश्चिम अतुल शर्मा ने बताया कि ऐसे कई सवाल हैं जिनके जवाब तलाशे जा रहे हैं। पूछताछ में यह भी पता चला है कि भाई ने लड़की को कमरे में फंदे से लटकते देखा था। इस मामले की जांच की जा रही है। Agra News
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...