बदायूं : बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नूरपुर पिनौनी गांव में शादी से चंद घंटे पहले दुल्हन की मौत हो गई। सोमवार को मुरादाबाद से बारात आनी थी, लेकिन रविवार रात दुल्हन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। लड़के पक्ष को सूचना मिली तो वहां भी मातम छा गया।
नूरपुर पिनौनी निवासी दिनेश पाल सिंह की 20 वर्षीय बेटी दीक्षा की शादी मुरादाबाद में तय हुई थी। सोमवार को उसकी बारात गांव आनी थी। इसके लिए तैयारियां चल रही थीं। रविवार को मेहंदी की रस्म थी। दुल्हन के साथ परिवार के सभी लोग नाच रहे थे। परिजनों ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे दीक्षा के पेट में दर्द हुआ और वह शौच के लिए गई। वहां उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजनों ने बताया कि शौचालय में ही उसकी सांसें तेज चल रही थीं। जब तक लड़की की मां सरोज उसे संभालती, तब तक उसकी गर्दन अकड़ गई। आनन-फानन में गांव के डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन दीक्षा की सांसें थम चुकी थीं। दुल्हन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। दीक्षा दिनेश पाल सिंह के चार बेटों में इकलौती और सबसे बड़ी थी। वह इस्लामनगर के एक डिग्री कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रही थी।