समस्त भारतीय पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष नीलम अग्रवाल ने थामा कांग्रेस का दामन

चंडीगढ़, 28 अप्रैल। समस्त भारतीय पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष नीलम अग्रवाल ने अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ आज कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान के नेतृत्व में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

हुड्डा और चौधरी उदयभान ने उनका पार्टी में स्वागत किया हुआ व पूरे मान-सम्मान का भरोसा दिलाया। आज अखिल भारतीय युवा कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संस्थापक इंजीनियर खेमचंद कोली ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। साथ ही समाजवादी पार्टी की हरियाणा ईकाई ने चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन का ऐलान किया।

इस मौके पर हुड्डा ने कहा नए नेता व कार्यकर्ता पार्टी में नई ऊर्जा लेकर आते हैं। नई ज्वाइनिंग से पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी। लोकसभा व आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत की दावेदारी इससे और मजबूत होगी। अब तक बीजेपी-जेजेपी व अन्य दलों से करीब 35 पूर्व विधायकों समेत 100 बड़े नेता 2 साल के भीतर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।
चौधरी उदयभान ने कहा कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी जॉइनिंग पार्टी में होने जा रही है। लोगों का कांग्रेस के प्रति रुझान चुनाव में कांग्रेस की जीत के संकेत दे रहा है। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद सत्ताधारी भाजपा में ऐसी भगदड़ मचेगी कि उसके पास चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार तक नहीं होंगे।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भाटी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार समाजवादी पार्टी ने पूरे देश की तरह बीजेपी के खिलाफ हरियाणा में भी इंडिया गठबंधन को समर्थन का फैसला लिया है। पार्टी के तमाम नेता व कार्यकर्ता इंडिया गठबंधन को जीतने के लिए जी जान से मेहनत करेंगे। इस मौके पर सुरेंद्र भाटी के साथ पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष टीएस गौड़, प्रवक्ता ब्रह्मदत्त शर्मा, प्रदेश महासचिव कृष्णपाल सौरैत, जिला अध्यक्ष केशव देव सिंह समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts