प्रदेश सरकार ने क्षेत्रवाद, भाई-भतीजावाद व जातिवाद किया खत्म – जांगड़ा

चंडीगढ़, 28 जुलाई। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन कर क्षेत्रवाद, भाई-भतीजावाद व जातिवाद को खत्म किया है और यह परिपाटी प्रदेश की राजनीति को दिशा व दशा बदलने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा आरंभ की गई थी, जिसे अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं।

यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में कांग्रेस ने जनता को गुमराह किया है। अब जनता ही उनसे हिसाब मांगेगी।
इस मौके पर हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री रणबीर गंगवा, पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज, यमुनानगर के मेयर मदन चौहान और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे भी मौजूद रहे।

जांगड़ा ने कहा कि वर्ष 2016 में भी कांग्रेस ने समाज में अराजकता व भाईचारा बिगाड़ने का प्रयास किया था, लेकिन प्रदेश की जनता ने 2019 के चुनाव में उनको आइना दिखा दिया था। अब 2024 में प्रदेश की जनता मन बना चुकी है कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की ही सरकार बनेगी।

जातिगत जनगणना के बारे पूछे गए के प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना 1931 में हुई थी। देश व प्रदेश में ज्यादातर समय कांग्रेस पार्टी की सत्ता रही है। जब भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री रहे तब उनको जातिगत जनगणना याद नहीं आई। आज किस उद्देश्य से जातिगत जनगणना की बात कह रहे हैं। यह भूपेंद्र सिंह हुड्डा का समाज को बांटने का एक और प्रयास है। हरियाणा में तो परिवार पहचान पत्र एक अनूठा दस्तावेज है, जिसमें परिवार की जाति  पहले से ही अंकित है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में संविधान बदलने व आरक्षण खत्म करने की बात कहकर कांग्रेस ने लोगों को बरगलाया था, परन्तु वह भी एक शिगूफा साबित हुआ। देश संविधान के अनुसार ही चल रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में जाट आरक्षण के दौरान हुए दुकानों व अन्य जान-माल के नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार ने पीड़ितों को करोड़ों रुपये का मुआवजा दिया। उन्होंने कहा कि सीएलयू के नाम पर कांग्रेस सरकार ने किसानों को ठगा है।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में राज्यसभा सांसद श्री जांगड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों का संगठन स्तर पर विश्लेषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा मांगे हिसाब का भूपेंद्र हुड्डा अपने 10 साल के कार्यकाल का हिसाब जनता को दे दें, हम अपने 10 साल के कार्यों का हिसाब देने जनता के बीच जाएंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts