सहारनपुर/मुरादाबाद : यूपी एसटीएफ (ATS) ने करीब 14 महीने से फरार चल रहे ह्त्या के मामले में वांछित एक लाख रूपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। ATS की टीम ने एक लाख के इनामी विकास सिंह धामा को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया विकास सिंह मुरादाबाद के चर्चित ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी और भाजपा नेता अनुज चौधरी हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। भाजपा नेता हत्याकांड का आरोपी विकास सिंह लंबे समय से सहारनपुर में छिपा हुआ था। 10 अगस्त 2023 को मझोला क्षेत्र में भाजपा नेता अनुज चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
आपको बता दें कि विकास सिंह धामा ने थाना मझौला इलाके में प्रमुख का चुनाव लड़ रहे भाजपा नेता अनुज चौधरी की दिन दहाड़े हत्या कर दी थी। अनुज चौधरी ब्लॉक प्रमुख पद का प्रत्याशी था। पुलिस जांच में हत्या की वजह आपसी रंजिश और राजनीतिक विवाद सामने आया था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। हत्या के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था लेकिन मुख्य आरोपी विकास सिंह धामा लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विकास सहारनपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद एसटीएफ की बरेली यूनिट ने सहारनपुर में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक मुख्य आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी को जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि विकास सिंह पर हत्या के अलावा कई अन्य संगीन मामले भी दर्ज हैं। हत्या के बाद से ही वह फरार था और लगातार ठिकाने बदलकर छिप रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे मुरादाबाद पुलिस को सौंप दिया गया है। मुरादाबाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर हत्या की साजिश और उसमें शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अनुज चौधरी हत्याकांड ने मुरादाबाद ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में सियासी हलचल मचा दी थी।
एसएसपी रोहित साजवान का कहना है कि यह कार्यवाई यूपी ATS ने की है। सहारनपुर से एक लाख का इनामी विकास सिंह गिरफ्तार हुआ है। ATS की टीम अभियुक्त को अपने साथ मुरादाबाद ले गई है।