सहारनपुर : सहारनपुर के कस्बा रामपुर मनिहारान के विवेक कुमार ने अपनी शादी में उस वक्त सबको चौंका दिया जब शादी के पवित्र बंधन में बंधते हुए एक दूल्हे ने अपनी शादी में खुद ही मंत्र पढ़ने शुरू कर दिए। दूल्हे ने पंडित जी की मौजूदगी में खुद ही अपनी शादी की सभी धार्मिक रस्में निभाईं हैं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और हर कोई उसकी सराहना कर रहा है।
आपको बता दें कि कस्बा रामपुर मनिहारान के मोहल्ला कायस्थान निवासी प्रवीण कुमार के बेटे विवेक कुमार की बारात गांव कुंजा बहादुरपुर जिला हरिद्वार में अनिल कुमार के यहां गई थी। बारात के स्वागत के बाद दूल्हा-दुल्हन ने स्टेज पर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। जब दूल्हा-दुल्हन फेरे लेने के लिए हवन के सामने बैठे तो दूल्हे की बात सुनकर हर कोई हैरान रह गया।
दूल्हे ने कहा कि वह अपनी शादी की रस्में खुद ही निभाएगा। यानि धार्मिक रस्मों के लिए मंत्र आदि भी खुद ही पढ़ेगा। दूल्हे की बात सुनकर एक बार हक्के बक्के रह गए लेकिन जब दूल्हे ने मंत्रोचारण शुरू किया तो सब सराहना करने लगे।
दूल्हे ने कहा कि उसे शादी की रस्मों के सभी मंत्र पढ़ने आते हैं। इसके बाद दूल्हे विवेक ने खुद ही मंत्रोच्चार कर अपनी शादी संपन्न कराई। गांव आसपास के इलाके में यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक़ विवेक पहले अखबार बांटने का काम करते थे। अब वह गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से बी. फार्मा कर रहे हैं। विवेक ने बताया कि धार्मिक कर्मकांडों में उनकी गहरी आस्था है। इसी के चलते उन्होंने वैदिक मंत्रों की भी शिक्षा ली हुई है।