कौशांबी : यूपी के कौशांबी जिले में मानव तस्करी का मामला सामने आया है। जहां माता-पिता ने अपनी 14 वर्षीय बेटी का सौदा कर दिया। माता-पिता ने नाबलिग बेटी को हरियाणा के एक व्यक्ति को बेच दिया। व्यक्ति ने उसे हरियाणा ले जाकर न सिर्फ 4 महीने तक बंधक बनाकर रखा बल्कि उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब किशोरी आरोपी के चंगुल से छूटकर घर आई तो माता पिता ने बाहर निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे जबरन वापस ले जाना चाहता है। मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला कोखराज थाना क्षेत्र का है। यहां एक किशोरी को उसके माता-पिता ने हरियाणा के संदीप त्यागी नाम के व्यक्ति को 3 लाख रुपये में बेच दिया। इसके बाद संदीप त्यागी उसे हरियाणा ले गया और वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। किशोरी का कहना है कि उसे वहां करीब चार महीने तक बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह वह आरोपी के चंगुल से छूटकर वापस घर आ गई। लेकिन उसके माता पिता ने उसे वापस जाने को कहा। इसके बाद वह भागकर अपनी मौसी के घर चली गई और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे जबरन हरियाणा ले जाना चाहता है और जाने से मना करने पर जान से मारने की धमकी देता है। पीड़िता के शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने माता-पिता और खरीदार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी के चलते लड़की के माता-पिता ने यह कदम उठाया।