सहारनपुर : शुक्रवार को सहारनपुर के नागल थाना इलाके में टपरी रोड पर घने कोहरे ने कहर बरपाया। एक टेम्पो समेत तीन गाड़ियों की टक्कर से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया हुआ था। नागल थाना इलाके के सुभारी गांव के पास घने कोहरे के कारण एक टेम्पो और दो कारों की टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। दो महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। चश्मदीदों ने बताया कि टेम्पो सहारनपुर की ओर जा रहा था, तभी कोहरे के कारण एक डंपर ट्रक ने उसे साइड से टक्कर मार दी। डंपर ट्रक की टक्कर से टेम्पो पलट गया। अमकी दीपचंदपुर की 38 साल की पवित्रा, सुभारी के सोनित और वसीम समेत आठ यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पवित्रा को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
चश्मदीदों ने बताया कि इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्विफ्ट कार डंपर ट्रक से टकरा गई। कार के ड्राइवर अमकी दीपचंदपुर के अनुज, देवबंद थाना इलाके के सखान गांव के मयंक कुमार, मेरठ की रिंपल, अमकी की नीरू और बधेरी कोली के जैनेंद्र और सचिन आर्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग टीचर थे और पटनी के DIET सेंटर में ट्रेनिंग के लिए जा रहे थे।
SP ग्रामीण सागर जैन ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। हादसे के बाद डंपर ट्रक का ड्राइवर अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

