मेरठ : उत्तर प्रदेश में इन दिनों अजीबोगरीब प्रेम कहानियां सामने आ रही हैं। सास-दामाद, ससुर और दादी-पोते की प्रेम कहानियों के बीच मेरठ से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां पत्नी को अपने मौलाना पति की दाढ़ी पसंद नहीं थी, इसलिए वह अपने क्लीन शेव देवर के साथ भाग गई। मामला मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र का है। पत्नी की करतूत से परेशान मौलाना पति ने पुलिस से मदद मांगी है।
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के उज्ज्वल गार्डन निवासी शाकिर अपनी मां और भाई के साथ रहता था। सात महीने पहले उसकी शादी इंचौली निवासी अर्शी से हुई थी। शाकिर ने बताया कि वह पहले से ही दाढ़ी रखता है। उसे दाढ़ी रखना पसंद भी है। लेकिन शादी के बाद उसकी पत्नी ने उसे दाढ़ी हटाने और क्लीन शेव रहने को कहा। जिस पर उसने ऐसा करने से मना कर दिया।
शाकिर का कहना है कि इस बात को लेकर कई बार उसकी पत्नी झगड़ती थी। लेकिन, वह हर बार उसे समझाकर शांत कर देता था। शाकिर का यह भी आरोप है कि शादी की रात दाढ़ी को लेकर काफी झगड़ा हुआ था। लेकिन उस दिन तो उसने समझा बुझाकर पत्नी को शांत कर दिया लेकिन वह उसकी दाढ़ी कटाने की बात पर अड़ी रही। वहीं मौलाना शाकिर ने भी दाढ़ी कटाने से साफ़ मना कर दिया।
मौलाना शाकिर ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी 12वीं तक पढ़ी है और अब कॉलेज भी जा रही है। पत्नी उस पर दाढ़ी कटवाने का दबाव बनाती थी। वह रोज सुबह काम पर चला जाता था। उसके बाद घर में उसकी मां और भाई ही रहते थे। उसका भाई क्लीन शेव रहता है। उसकी पत्नी उसे छोड़कर उसके क्लीन शेव भाई के साथ भाग गई है। शाकिर ने पुलिस को अपनी पत्नी और भाई के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए हैं।
शाकिर का आरोप है कि उसने अपनी पत्नी की इस हरकत के बारे में अपने ससुराल वालों को भी बताया है। ससुराल वालों का कहना है कि अब उनका उससे कोई लेना-देना नहीं है। उसे अपने घर चले जाना चाहिए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के अपने भाई के साथ भाग जाने की शिकायत की है। दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। Meerut News