सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को सहारनपुर दौरे पर थे जहां उन्होंने योगी सरकार द्वारा जारी बजट को लेकर आयोजित संगोष्टी को संबोधित किया। इसके बाद डिप्टी सीएम ने शर्किट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। इसके लिए पीएम मोदी और सीएम योगी ने आवश्यक कदम उठाए गए हैं। लेकिन उससे भी बड़ा कदम यह है कि हमारे देश की युवा शक्ति में अभूतपूर्व प्रतिभा है। दुनिया को नेतृत्व प्रदान करना। हर क्षेत्र में अपना परचम लहराना। आज भारत उस मुकाम पर खड़ा है कि अगर दुनिया के 4-5 देशों का नाम लिया जाए तो उसमें भारत का नाम भी लिया जाता है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तो कोई इसे गुजरात मॉडल कहता था, तो कोई इसे मोदी मॉडल कहता था। क्योंकि एक समय था जब गुजरात दुनिया के सबसे विकसित राज्य के रूप में जाना जाता था। और जब से वे देश के प्रधानमंत्री बने हैं, आज दुनिया का लगभग हर देश जो विकास के लिए संघर्ष कर रहा है। वह भारत के मॉडल यानी मोदी मॉडल का उपयोग कर रहा है। आज आसमान से लेकर धरती तक हमारे भारत के वैज्ञानिक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। मन की बात के माध्यम से हमारे प्रधानमंत्री ने कहा है कि अंतरिक्ष में भी हमारे वैज्ञानिकों ने अनेक यान स्थापित कर शतक लगाने का काम किया है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन में 60 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया था। उत्तर प्रदेश धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बन गया है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी बताते हुए कहा कि विपक्षी सरकारों में भ्रष्टाचार और कुशासन चरम पर था। समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बिगाड़ दिया था, जिसे अब सुधारा जा रहा है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...