प्रयागराज : प्रयागराज से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-6036 को उस वक्त रद्द करना पड़ा जब यात्रियों को पेट्रोल की गंध आने लगी। यात्रियों के बताने पर सोमवार को इंडिगो की फ्लाइट अचानक रद्द कर दी गई। यात्रियों को विमान के अंदर पेट्रोल जैसी गंध महसूस हो रही थी। इस फ्लाइट को प्रयागराज एयरपोर्ट से सुबह 11:35 बजे उड़ान भरनी थी। यही फ्लाइट बेंगलुरु से प्रयागराज के लिए उड़ान भरकर सुबह 10:45 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंची। इसे 11:35 बजे फिर से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरनी थी। सुरक्षा कारणों से इसे रद्द कर दिया गया।
आपको बता दें कि फ्लाइट के उड़ान भरने से पहले ही यात्रियों ने विमान में असामान्य गंध की शिकायत की, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से सभी यात्रियों को उतार दिया गया। तकनीकी जांच के बाद इंडिगो प्रबंधन ने उड़ान रद्द करने का फैसला किया। विमान में बैठ चुके कई यात्रियों ने विमान में पेट्रोल की गंध की शिकायत की थी। एक यात्री सीएल वर्मा ने बताया कि विमान में चढ़ने के कुछ देर बाद ही पायलट ने घोषणा की कि सुरक्षा जांच चल रही है। इसके बाद कुछ अधिकारी कॉकपिट में पहुंचे और पायलट से बातचीत करने के बाद सभी यात्रियों को सामान के साथ उतरने को कहा गया।