हरियाणा में आप और कांग्रेस मिलकर “इंडिया” गठबंधन मजबूत हुआ – हुड्डा

कुरुक्षेत्र, 3 मार्च। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक रविवार को कुरुक्षेत्र में हुई। इसमें आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से “इंडिया” गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. सुशील गुप्ता समेत तमाम नेता और कार्यकर्ता और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान दोनों पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मजबूती के साथ इंडिया गठबंधन की जीत को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ आगामी रणनीति को लेकर संयुक्त बैठक की।
आप के प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि परिवार में कोई सदस्य नया जुड़ता है तो धीरे धीरे आपस में रिश्ता मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि अपनी सहन शक्ति को कायम रखते हुए एक दूसरे का सम्मान करें। जब हम एक दूसरे का सम्मान कर आगे बढ़ेंगे तो हमारी जीत को दुनिया की कोई भी ताकत नहीं रोक सकती।

उन्होंने कहा कि मैं सांसद बनूं या या ना बनूं ये जरूरी नहीं है। जरूरी है ये देश और आज देश को और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। इस देश में सांप्रदायिक ताकतें अपना सिर उठा रही हैं। देश के प्रधानमंत्री 750 किसानों की शहादत के बाद एमएसपी का वादा कर अपने वादे से मुकर रहे हैं। किसानों पर गाड़ी चढ़ाने वाले मंत्री को दोबारा टिकट दे रहे हैं। ये जनता सबका घमंड तोड़ना जानती है।

उन्होंने कहा कि हम मिलकर मजबूती से चुनाव लड़ेंगे, नतीजा चाहे जो भी है। सभी 9 विधानसभा के लोगों से मिला और जाना कि यहां के लोगों के मन में टीस है। कोई विकास कार्य नहीं हुआ। नायब सिंह का नाम लोगों ने गायब सिंह लिखा हुआ है। जो लोगों को मिलते नहीं हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री किस नाम के हैं। कानून व्यवस्था के नाम पर कुछ नहीं है। एक जगह 30-30 गोलियां चला दी जाती है।

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जैसी एक और एक मिलकर दो होते हैं वैसे ही हरियाणा में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर इंडिया गठबंधन मजबूत हुआ है। मुझे खुशी है कि इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी ने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से डॉ. सुशील गुप्ता को चुना। क्योंकि ये केवल नाम से ही नहीं व्यवहार से भी सुशील हैं। मुझे इन पर विश्वास है कि ये मजबूती से कुरुक्षेत्र की जनता की आवाज़ उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ इंडिया गठबंधन के साझा उम्मीदवार डॉ. सुशील गुप्ता को कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से कामयाब बनाएंगे और पूरे प्रदेश में इंडिया गठबंधन को जिताएंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts