सहारनपुर : सहारनपुर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा सुप्रीमो पर निशाना साधते हुए जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि गद्दारों को चुनाव नहीं लड़ने दिया जाएगा, जो लोग संसद में वक्फ बिल का विरोध भी नहीं कर सके, वे मुसलमानों के हिमायती होने का दिखावा कर रहे हैं।
बुधवार को छुटमलपुर नगर पंचायत के फतेहपुर स्थित डाक बंगले में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शामिल हुए इमरान मसूद ने कहा कि पिछड़ा, दलित और मुस्लिम गठबंधन ही भाजपा को सत्ता से बेदखल कर सकता है। कांग्रेस इसी फार्मूले पर अपनी चुनावी रणनीति बना रही है।
उन्होंने कहा कि उनकी जीत में सवर्ण, पिछड़ा, दलित और मुस्लिम समाज का योगदान रहा है। आने वाले चुनाव में भी यह गठबंधन जिले में कांग्रेस का परचम लहराएगा। सपा कार्यकर्ता अपने दिमाग से यह बात निकाल दें कि उनकी जीत में अखिलेश यादव की कोई भूमिका थी।
उन्होंने कहा कि उनकी जीत राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मेहनत की बदौलत हुई है। सांसद ने कहा कि पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। सांसद ने सपा विधायक आशु मलिक पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जुबानी जंग के बजाय बेहतर है कि वह जनता के लिए कुछ करें। समाज उनकी असलियत समझ चुका है।
जन संवाद कार्यक्रम में एमएलसी शाहनवाज खान, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मेहरबान आलम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राव फजलुर्रहमान, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, जावेद साबरी, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, शायान मसूद, हमजा मसूद, कारी रेहान आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संदीप राणा व संचालन राकिब अंजुम ने किया।