हल्द्वानी : करीब 10 साल पहले उत्तर प्रदेश के तत्कालीन कैबिनेट मंत्री आजम खान की भैंस चोरी होने का मामला पूरे देश और दुनिया में सुर्खियों में रहा था। तब रामपुर पुलिस ने भैंस की तलाश में जगह-जगह दबिश दी थी। ऐसा ही एक मामला उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सामने आया है यहां उत्तराखंड के किसी कैबिनेट मंत्री की भैंस नहीं खोई गई है, बल्कि एक पशुपालक की भैंस चोरी हो गई है। इन भैंसों की तलाश में हल्द्वानी पुलिस पसीना बहा रही है।

आपको बता दें कि जंगल में चरने गए एक पशुपालक की आठ भैंस चोरी हो गई हैं। पशुपालक की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित पशुपालक की तहरीर पर पुलिस चोरी हुई 8 भैंसों और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पशुपालक ने मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पशुपालक प्रेम सिंह बिष्ट का आरोप है कि उसने एक आरोपी द्वारा बताए गए दाम पर भैंसें नहीं बेचीं। इसी कारण उन्हें चोरी कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक झुटियाल खट्टा, टांडा हल्द्वानी निवासी प्रेम सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
उसने तहरीर में कहा है कि वह पेशे से पशुपालक है। उसके पास 17 भैंसे हैं। उसका आरोप है कि इसी साल फरवरी में उसने 6 भैंसों का सौदा गदरपुर निवासी यूसुफ से 3 लाख रुपये में किया था। यूसुफ द्वारा भैंसों के कम पैसे देने पर सौदा रद्द हो गया। इसके बाद 7 मार्च को मैंने अपनी सभी 17 भैंसों को घर से दूर जंगल में चरने के लिए छोड़ दिया। शाम को जंगल से सिर्फ 9 भैंसें ही घर आईं। काफी तलाश के बाद भी 8 भैंसों का कोई सुराग नहीं मिला। मुझे यूसुफ पर भैंसें चोरी करने का शक है। करीम और अकरम की उससे मिलीभगत लगती है।
पशुपालक प्रेम सिंह बिष्ट ने बताया कि जब उसने भैंसों के गायब होने की शिकायत पुलिस से की तो टांडा निवासी करीम और नहर खट्टा निवासी अकरम उसके घर आ गए। दोनों उस पर समझौता करने का दबाव बनाने लगे। इस पर पशुपालक को शक हुआ कि करीम और अकरम ने यूसुफ और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर जंगल से उसकी भैंसें चोरी की हैं।
प्रेम सिंह ने आरोपियों के खिलाफ हल्द्वानी थाने में तहरीर दी। उसने पुलिस से भैंसों की तलाश करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हल्द्वानी शहर कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि हल्द्वानी के एक पशुपालक ने अपनी 8 भैंसें चोरी होने की तहरीर दी है। गदरपुर निवासी यूसुफ, खेड़ा ऊधम सिंह नगर निवासी असलम, टांडा निवासी करीम और नहर खट्टा निवासी अकरम के खिलाफ भैंस चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। Uttrakhand Crime News
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...