बेरोजगार युवाओं के साथ भद्दा मजाक कर रही सरकार – हुड्डा

चंडीगढ़, 21 जनवरी। पूर्व मुख्यमंत्री व विपश्क्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भगवान् श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र की इसी पावन धरती से कर्म करने का उपदेश दिया था। जो व्यक्ति, जो देश-प्रदेश इन उपदेशों का अनुसरण करेगा वह निश्चित ही तरक्की करेगा। उन्होंने कहा कि 9 साल पहले का हरियाणा और आज का हरियाणा कहां से कहां पहुंच गया। विकास के हर पैमाने पर नंबर 1 रहा प्रदेश आज बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था, खेल-खिलाड़ियों के अपमान में सबसे अव्वल राज्यों में गिना जाता है।

हुड्डा ने आरोप लगाया कि रिकार्ड बेरोजगारी झेल रहे हरियाणा के युवाओं से ये सरकार रोजगार निगम बनाकर कमीशन ले रही है। युवाओं के के साथ भद्दा मजाक किया जा रहा है। रोजगार निगम और अग्निपथ योजना लाकर पक्के रोजगार को कच्चे में बदला जा रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं और हरियाणा की जनता का आवाहन किया कि आने वाले चुनाव में इस सरकार से पीछा छुड़ाना है और कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाना है। हुड्डा ने कहा कि असम में राहुल गांधी जी के नेतृत्व में जारी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर लखीमपुर में हुए हमले की घोर निंदा की और कहा कि ये राहुल गांधी की यात्रा पर नहीं, प्रजातंत्र पर हमला है। 

कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने किया था। इस अवसर पर सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हुड्डा ने कहा कि इस इलाके का भूजल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले समय में अनाज का एक दाना पैदा नहीं होगा। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार के समय बनी दादूपुर नलवी नहर को मौजूदा सरकार ने कैंसिल कर दिया। इस इलाके की सुख समृद्धि के लिये दादूपुर नलवी नहर को बनाया गया था लेकिन, मौजूदा सरकार ने नहर को तहस-नहस कर किसान को बर्बादी के कगार पर खड़ा कर दिया। इसके चलते ही इलाके को हाल में बाढ़ की विभीषिका झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर दादूपुर नलवी नहर को फिर बनवाया जाएगा ताकि किसान खुशहाल हो।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में किसान, मजदूर, मनरेगा मजदूर, सरपंच, ग्रामीण चौकीदार, सफाई कर्मचारी, खिलाड़ी बेटियां, आढ़ती, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी वर्कर हर वर्ग इस सरकार से दुखी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने पर तो बुजुर्गों को 6000 महीना पेंशन देंगे। गृहणियों को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देंगे। हर परिवार को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। 100-100 गज मुफ्त प्लॉट योजना को फिर से लागू करेंगे। कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन स्कीम चालू होगी, बैकवर्ड क्लास के लिए क्रीमी लेयर की सीमा को 6 लाख से बढ़ाकर 10 लाख करेंगे, ताकि उन्हें आरक्षण का लाभ मिल सके।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि एक महीने के अंदर ही कुरुक्षेत्र ने दो बड़ी रैली करके बता दिया कि प्रदेश में जनता परिवर्तन लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने को काम नहीं किया और अब चुनाव सामने देख यात्रा शुरु कर दी। इनकी यात्रा गांव में जा रही है लेकिन कहीं लोगों की समस्याओं का कोई समाधान नहीं होता। कहीं पोर्टल, कहीं फैमिली आईडी आड़े आ जाता है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री को अब राम राज्य की याद आ रही है। राम राज्य का अर्थ ये है कि सबको न्याय मिले किसी के साथ अन्याय न नो और जो अत्याचारी हो उसे सजा मिले। राम राज्य तब स्थापित हुआ था जब अहंकार का अंत हुआ था। ये सरकार अहंकार का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधा सवाल किया कि उन्होंने देश की पहलवान बेटियों को न्याय क्यों नहीं दिलाया। उन पर अत्याचार करने वाले अत्याचारी को सजा क्यों नहीं दिलाई। किसान आंदोलन में जान कुर्बान करने वाले 750 किसानों का क्या हुआ। उनके परिवारों को न्याय दिलाने का क्या हुआ। बेरोजगारी झेल रहे हरियाणा के युवाओं को न्याय दिलाने का क्या हुआ? हरियाणा के बुजुर्गों, महिलाओं, गरीबों के साथ न्याय क्यों नहीं किया। उन्होंने कुरुक्षेत्र की धरती से संकल्प दिलाया कि किसानों, मजदूरों, महिलाओं, खिलाड़ियों सहित हर वर्ग का मान-सम्मान हो।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts