सहारनपुर : अगर आप गूगल मैप्स के जरिये सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। क्योंकि कई घटनाओं के बाद गूगल मैप्स ने अपनी विश्वनीयता खो दी है। जिसके चलते आये दिन गूगल मैप्स के भरोसे चलने वाले राहगीर न सिर्फ अपने मार्ग से भटक रहे हैं बल्कि हादसों का शिकार भी हो रहे हैं। ताज़ा मामला जनपद सहारनपुर का है जहां गूगल मैप्स ने एक बार फिर राहगीर को धोखा दे दिया।
गूगल मैप्स के सहारे हरिद्वार से सहारनपुर आते समय मेरठ का एक परिवार रात में कई घंटों तक जंगल में भटकता रहा। यह परिवार गूगल मैप्स से रूट ट्रेस कर सहारनपुर आ रहा था। लेकिन गूगल मैप ने उन्हें जंगल में भटका दिया। गनीमत ये रही कि परिचितों से संपर्क कर जैसे तैसे सहारनपुर पहुंच गए।
आपको बता दें कि मेरठ के शास्त्री नगर निवासी विनोद कुमार गुरुवार को अपनी पत्नी और बेटे के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश गए थे। जहां से वे अपने किसी परिचित से मिलने सहारनपुर के लिए निकले थे। हरिद्वार से निकलने के बाद उन्होंने गूगल मैप्स से रूट ट्रेस करना शुरू किया। इस दौरान वे भगवानपुर तक तो ठीक पहुँच गए। इससे आगे गूगल मैप ने उन्हें भटका दिया। गूगल मैप पर दिखाए रास्ते से वे जंगल की ओर निकल गए।
पीड़ित परिवार के मुताबिक़ गूगल मैप्स ने उन्हें एक कनेक्टिंग रोड पर सहारनपुर का शॉर्टकट दिखाया। रात करीब 8 बजे विनोद कुमार ने अपनी कार उसी रास्ते पर मोड़ दी। करीब 10 किलोमीटर चलने के बाद उन्हें एक बरसाती नदी मिली। नदी में पानी तो नहीं था, लेकिन पत्थरों की वजह से नदी उबड़-खाबड़ थी। जिससे कार निकालना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में गूगल मैप्स ने पास में ही दूसरा रास्ता दिखाया। रात करीब 11 बजे तक वह इधर-उधर जंगल में ही भटकते रहे।