त्रिवेणी चीनी मिल के कोजेन प्लांट में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख – Deoband Triveni Sugar Mill

रामपुर मनिहारन से दमकल की गाड़ियाँ बुलाई गईं।

देवबंद : देवबंद स्थित त्रिवेणी चीनी मिल में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मिल के कोजेन पावर प्लांट में भीषण आग लग गई। आग तब लगी जब बिजली बनाने में इस्तेमाल होने वाली खोई से अचानक धुआँ निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। कर्मचारियों ने खोई से धुआँ निकलता देखा और तुरंत अधिकारियों को सूचना दी। यूनिट उपाध्यक्ष पुष्कर मिश्रा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुँचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन आग तेज़ी से फैलने लगी, जिसके बाद देवबंद, सहारनपुर और रामपुर मनिहारन से दमकल की गाड़ियाँ बुलाई गईं।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। एसडीएम युवराज सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह भी मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। आग से लगभग 150 मीटर लंबी खोई ढोने वाली बेल्ट, इंडल्ट फ्रेम और कई अन्य उपकरण जलकर खाक हो गए। मिल प्रशासन ने बताया कि आग खोई में काफी गहराई तक पहुँच चुकी है, इसलिए अगले 24 घंटे तक उस पर पानी डाला जाएगा। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts