सहारनपुर : सहारनपुर में एक प्रेमी को रेस्टोरेंट में प्रेमिका से मिलना महंगा पड़ गया। रेस्टोरेंट में कॉफी पीते समय लड़की के भाई ने दोनों को पकड़ लिया और प्रेमी की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं प्रेमिका का भाई लड़के को अपने घर ले गया। जहां परिजनों के साथ मिलकर उसने उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
प्रेमिका के परिजनों द्वारा प्रेमी की पिटाई की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और प्रेमी की जान बचाई। इसके बाद घायल लड़के को बाइक से अस्पताल भेजा गया जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में लड़की के भाई को हिरासत में ले लिया है।
मामला थाना नागल क्षेत्र का है जहां गांव मीरपुर मोहनपुर के मोहल्ला पंडोली रोड निवासी एक लड़की ने सहारनपुर के मोहल्ला खाताखेड़ी निवासी एक लड़के को मिलने के लिए कस्बे में बुलाया था। उस समय उसके परिजन घर पर नहीं थे। जैसे ही लड़का लड़की से मिलने कस्बे में पहुंचा तो परिजन कुछ देर बाद घर लौट आए। लड़की को घर पर न पाकर उन्होंने उसे इधर-उधर तलाश किया।
इसी बीच कस्बे के बस स्टैंड पर लड़का और लड़की आपस में बात करते पकड़े गए। परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और पीटते हुए घर ले आए। वहां दोनों की जमकर पिटाई की। प्रेमी लड़के को बुरी तरह पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। इसी बीच पड़ोसियों ने नागल थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लड़के को उनके चंगुल से छुड़ाकर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सीओ देवबंद रविकांत पाराशर ने बताया कि लड़के के होश में आने पर ही मामले का पता चल सकेगा। मामले को लेकर अभी तक थाने पर कोई तहरीर नहीं आई है।