शहीदी दिवस कार्यक्रम में गांव हरनौला पहुंचे डॉ. सुशील गुप्ता

रादौर (यमुनानगर), 17 मार्च। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और इंडिया गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता रविवार को रादौर के गांव हरनौला में शहीदी दिवस कार्यक्रम में पहुंचे।

अंबेडकर युवा मंच, हरियाणा की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बहुजन समाज के नेता और रादौर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मोहित ईशु अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।
गुप्ता ने कहा कि शहीदों के बलिदान की वजह से हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। शहीदों को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि इस देश की आजादी के लिए सैंकड़ों वर्षों की लड़ाई लड़ी गई। हजारों माताओं ने देश के लिए अपनी गोद सूनी कर दी। बहुतों की मांग सूनी हो गई। वहीं हजारों बच्चों ने अपने पिता को खो दिया। इस प्रकार देश को आजादी प्राप्त हुई।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी को बरकरार करने के लिए हमने संविधान बनाया। डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए देश के संविधान को बनाया गया। इसमें पिछड़े वर्ग के लिए विशेष प्रावधान किया गया, ताकि वे मुख्यधारा में आ सकें। 26 जनवरी, 1950 को देश का संविधान लागू किया गया। उसमें लिखा था कि इस देश से राजाओं का राज खत्म और आम जनता का लोकतंत्र शुरू।

उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्षों के बाद में सच्चे मायने में संविधान लागू नहीं हुआ। आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार बाबा साहेब के संविधान को तोड़ने में लगी है। भारतीय जनता पार्टी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदलकर चुनाव आयोग को कमजोर करने में लगी है। चंडीगढ़ के मेयर के चुनाव में इनकी चोरी पकड़ी गई। कैमरे की नजर से इनकी चोरी को पूरे देश ने देखा।

उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल इस मामले को सुप्रीम कोर्ट लेकर गई तो सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आपने लोकतंत्र की हत्या की है। संविधान की हत्या की है। सुप्रीम कोर्ट ने दखल देकर चंडीगढ़ में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को मेयर के पद पर बैठाया।

उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में संविधान खतरे में है और बीजेपी लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए “इंडिया” गठबंधन बना। कुरुक्षेत्र में धर्म और अधर्म की लड़ाई है। कुरुक्षेत्र की जीत से प्रदेश में नए युग का उदय होगा। श्रीकृष्ण का आशीर्वाद हमारे साथ है। इंडिया गठबंधन बीजेपी को प्रदेश की सभी 10 सीटों से बाहर का रास्ता दिखाएगा।

उन्होंने कहा कि मैं कुरुक्षेत्र के गांव गांव में गया। वहां लोगों ने कहा कि नायब सैनी कभी लोगों से मिलने नहीं आए। कभी लोगों के दुख सुख में शामिल नहीं हुए। इसलिए लोगों ने उन्हें गायब सैनी के नाम से संबोधित किया। उन्होंने कभी रादौर, लाडवा, थानेसर, कुरुक्षेत्र, पूंडरी, कलायत, राजौंद, पेहवा और कैथल की जनता की आवाज संसद में नहीं उठाई।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts