सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को तीन राज्यों की सीमा से लगे सहारनपुर ज़िले पहुँचे। जहाँ सीएम योगी ने अंबाला रोड स्थित सरोवर पोर्टिको में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यक्रम में आए लोगों को संबोधित किया और केंद्र की मोदी सरकार के नारे “सबका साथ, सबका विश्वास” को साकार करते हुए बाढ़ प्रभावित राज्यों के लिए राहत सामग्री भेजी। उन्होंने पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बाढ़ और आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री से लदे वाहनों को हरी झंडी दिखाई। 48 ट्रकों में राहत सामग्री के 18 हज़ार किट लोड किए गए हैं। एक किट का वज़न 40 किलोग्राम है और इसमें घरेलू ज़रूरत की 26 चीज़ें हैं। सीएम योगी ने इन सभी ट्रकों के साथ दो राज्य मंत्री और एक विधायक को भी भेजा है।
राहत सामग्री भेजने के साथ ही सीएम योगी ने कार्यक्रम में पहुँचे सहारनपुर के लोगों को संबोधित किया। जहाँ अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि आज हम 48 ट्रकों के माध्यम से उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में राहत सामग्री पहुँचा रहे हैं। संकट की घड़ी में हम भी उनके साथ खड़े हैं। एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ पूरा देश मदद के लिए तैयार है। उत्तराखंड में बादल फटने से काफी नुकसान हुआ है। इसलिए उत्तर प्रदेश की ओर से हम मुख्यमंत्री राहत कोष से उत्तराखंड और हिमाचल सरकार के राहत कोष में 5-5 करोड़ की राशि प्रदान कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि इस बार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में सबसे अधिक आपदा आई है। जिसके कारण हजारों परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि आपदाओं के समय सतर्क और सावधान रहें। क्योंकि जलजनित रोग जैसे डायरिया, वायरल, डेंगू आदि फैलते हैं। इसलिए सफाई और छिड़काव आवश्यक है। जगह-जगह पानी जमा होने से सांप, बिच्छू आदि निकलते हैं। अगर आपको सांप या कोई जहरीला जीव काट ले तो झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें। तुरंत सीएचसी जाएं और वहां टीका लगवाएं। अगर आपको कोई पालतू जानवर या गली का कुत्ता काट ले, तो टीका ज़रूर लगवाएँ। सीएम योगी ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में बाढ़ से जिन किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, हम उनका सर्वेक्षण करा रहे हैं। रिपोर्ट आते ही किसानों को उनके नुकसान का मुआवज़ा दिया जाएगा। मैं यहाँ के प्रशासन को भी धन्यवाद देता हूँ। उन्होंने सिर्फ़ 12 घंटे के नोटिस पर समय पर सारी व्यवस्थाएँ कर दीं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज हम 48 ट्रकों के ज़रिए उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में राहत सामग्री पहुँचा रहे हैं। संकट की इस घड़ी में हम भी उनके साथ खड़े हैं। एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ पूरा देश मदद के लिए तैयार है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर बादल फटने से काफ़ी नुकसान हुआ है। इसलिए, उत्तर प्रदेश की ओर से हम उत्तराखंड को 5 करोड़ रुपये और हिमाचल सरकार के राहत कोष में 5 करोड़ रुपये दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित शिविरों में पहुँचाया जा रहा है। नाश्ता, दोपहर का भोजन, रात का खाना दिया जा रहा है। बच्चों को दूध दिया जा रहा है। जानवरों को चारा खिलाया जा रहा है। राहत सामग्री जैसे दाल, चना, चीनी, बिस्कुट, माचिस, मोमबत्ती, नहाने का साबुन, बाल्टी, तिरपाल, आटा, चावल, अरहर की दाल, हल्दी, मिर्च, तौलिया, रिफाइंड तेल आदि उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार बाढ़ और बारिश से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद प्रदान कर रही है। सीएम योगी ने सहारनपुर से पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री से लदे 48 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। इन ट्रकों के साथ उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड के राज्य मंत्री बृजेश सिंह, हिमाचल प्रदेश के राज्य मंत्री जसवंत सैनी और पंजाब में सदर विधायक राजीव गुंबर को भेजा है।