लखनऊ : यूपी में पिछले कई दिनों से बादल छाए हुए हैं। कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी तो कई जिलों में तेज बारिश हुई है। जिससे तापमान में गिरावट होने से गर्मी से राहत मिली है। लेकिन गुरुवार से एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। अब तक हो रही बूंदाबांदी थम जाएगी। पछुआ हवाओं के चलते अगले पांच दिनों में तापमान में 5 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। यानी सूर्यदेव आसमान से अपनी आंखें दिखाने वाले हैं।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही बूंदाबांदी अब कुछ दिनों के लिए थमने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के तराई इलाकों में आंधी के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद शुक्रवार से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार से प्रदेश में बूंदाबांदी कम होते ही तापमान और गर्मी बढ़ने लगेगी।
इसके बाद गर्म और शुष्क पछुआ हवाओं के असर से अगले पांच दिनों में प्रदेश के तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के संकेत हैं। माना जा रहा है कि मानसून की बारिश से पहले जून की गर्मी अपना असर दिखाएगी। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे तक तराई क्षेत्र समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी जारी रहने के बाद पांच जून से इसमें काफी कमी आएगी। इससे प्रदेश का मौसम शुष्क हो जाएगा और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।