सहारनपुर : एक ओर जहां सरकार दहेज़ लोभियों के खिलाफ सख्त कानून बनाने के दावे कर रही है वहीं दहेज़ लोभी लोग न सिर्फ सरकार के दावों की पोल खोल रहे हैं बल्कि मनमाफिक दहेज़ ना मिलने पर बहु बेटियों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं। ताज़ा मामला उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का है जहां थाना क़ुतुबशेर इलाके के मानकमऊ में निकाह से पहले दूल्हे ने दहेज में कार मांग कर दी। अचानक हुई कार की मांग को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। दूल्हे की मांग की जानकारी होने पर दुल्हन ने दहेज लोभी दूल्हे के साथ शादी करने से इंकार कर दिया। हालांकि ग्रामीणों और शादी में आये मेहमानों ने दूल्हे पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े रहे।
वहीं गुस्साए दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे और बारात को बंधक बना लिया। जिसके बाद दूल्हे ने खुद डायल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत किया और दूल्हे को थाने ले गई। जहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
आपको बता दें कि शनिवार रात खाता खेड़ी से बारात मानकमऊ आई थी। कार बारात के भोजन करने के बाद निकाह की तैयारी चल रही थी। आरोप है कि निकाह से पहले दूल्हे ने बिचौलिए से दहेज में कार मांगी। दूल्हे की यह मांग दुल्हन पक्ष के लोगों के सामने रखी गई। दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई। इसके बावजूद दूल्हा और उसके परिजन कार की मांग पर अड़े रहे।
दुल्हन के माता-पिता ने बताया कि दूल्हे ने साफ कह दिया कि वह बिना कार के उनकी बेटी की शादी नहीं करेगा। जब दुल्हन को इस बात का पता चला तो मामला बिगड़ गया। उसने भी दो टूक कह दिया कि वह दहेज लोभी के घर नहीं जाएगी। वह दहेज लोभी दूल्हे से शादी नहीं करना चाहती। इसके बाद रिश्ता टूटने की नौबत आ गई।
गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन नहीं मानी। उसने शादी करने से इनकार कर दिया और बारात को वापस जाने को कहा। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। दुल्हन के परिजन शिकायत दर्ज कराने कुतुबशेर थाने पहुंचे। तब गांव के जिम्मेदार लोगों ने मामला शांत कराया और दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। दूल्हे पक्ष को लड़की की शादी का खर्च उठाना पड़ा।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...