बागपत : बागपत जिले के चांदीनगर क्षेत्र में एक शादी के दौरान जमकर बवाल हो गया। एक गांव में आई बारात को बिना दुल्हन के ही बैरंग लौटना पड़ा। जिसकी वजह दूल्हे का शादीशुदा होना बताया जा रहा है। बरात लेकर आये दूल्हे ने तीन साल पहले ही कोर्ट मैरिज की थी। जब बारात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची तो इस दौरान किसी ने दूल्हे की पहली शादी की तस्वीरें दुल्हन के भाई के मोबाइल पर भेज दीं। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने बारात को बंधक बना लिया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे की बुरी तरह से पिटाई कर दी। हालांकि बाद में किसी तरह दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
आपको बता दें कि दूल्हे का कुछ दिन पहले अग्निवीर में चयन हुआ था। दूल्हा मेरठ के जगेठी का रहने वाला है। शादी तय होने के बाद तारीख तय हो गई। दोनों पक्षों में शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। शनिवार को बारात बागपत पहुंच गई। सब कुछ हंसी-खुशी चल रहा था। शुभ मुहूर्त पर बारात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंच गई। बाराती डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी बीच अचानक सब कुछ थम गया।