सहारनपुर : बेमौसम बारिश ने ठंड बढ़ा दी है, वहीं रेलवे क्रॉसिंग पर बने अंडरपास यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। ताजा मामला सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र के भिक्कनपुर रेलवे अंडरपास का है, जहां गुरुवार को हरियाणा से सहारनपुर आ रही एक कार पानी से भरे अंडरपास में फंस गई। कार करीब 20 मिनट तक पानी में फंसी रही। कार के अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे, जिससे उन्हें काफी घबराहट हो रही थी।
कार सवारों ने घटना की जानकारी देने के लिए डायल 112 पर कॉल किया। डायल 112 PRV UP 32 DG 5986 पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने रस्सियों और ट्रैक्टर की मदद से कार को बाहर निकाला। ड्राइवर दीक्षित बंसल ने बताया कि उसने टोल टैक्स बचाने के लिए शॉर्टकट लिया था।
गौरतलब है कि सहारनपुर में टोल टैक्स बचाने की कोशिश कार सवारों को महंगी पड़ी। हरियाणा से सहारनपुर आ रही कार सरसावा टोल प्लाजा पर टोल टैक्स से बचने के लिए भिक्कनपुर अंडरपास से गुजर रही थी। मंगलवार को हुई बारिश के कारण अंडरपास में पानी भर गया था। नतीजतन, सहारनपुर के रहने वाले दीक्षित बंसल की कार पानी में फंस गई। कार न तो आगे बढ़ पा रही थी और न ही पीछे। दीक्षित की कार पानी के बीच में ही बंद हो गई।
अंडरपास के अंदर बारिश का पानी इतना गहरा था कि कार सवार बाहर भी नहीं निकल पा रहे थे। तब राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 के कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से कार को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद कार सवारों ने राहत की सांस ली।

