सहारनपुर : एक तरफ वन विभाग जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ बेखौफ शिकारी न सिर्फ जंगली जानवरों का शिकार कर रहे हैं, बल्कि लकड़ी माफिया के साथ मिलकर संरक्षित पेड़ों को भी काट रहे हैं, जिससे वन विभाग के दावों की पोल खुल रही है। ताजा मामला सहारनपुर जिले का है, जहां शिकारियों ने शिवालिक रेंज के जंगलों में एक हिरण का शिकार किया है।
बुधवार को कुछ लोगों ने एक हिरण को मारकर उसका मांस खा लिया और बाकी हिस्से जंगल में छोड़कर भाग गए। सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस और वन विभाग के रवैये से स्थिति और बिगड़ गई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संबंधित वन विभाग के अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। हालांकि, अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि सहारनपुर के जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से हिरण के शिकार की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिस चौकी के पास जंगल क्षेत्र में हिरण को मारा गया था। घटना से गुस्साए बजरंग दल के कार्यकर्ता हिरण का सिर लेकर नागल माफी रोड पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वन विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए और संबंधित रेंजर को तुरंत हटाने की मांग की।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। शिवालिक रेंज के रेंजर विपुल सिंघल ने बताया कि आज दोपहर उन्हें सूचना मिली कि जंगल में एक हिरण का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने हिरण के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हिरण का सिर बरामद कर लिया गया है। विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

