देवरिया : महिलाओं का यौन शोषण, ठगी और लूटपाट करने वाले आरोपी को गगहा पुलिस ने रविवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। माहोपार नहर पर मुठभेड़ के दौरान दाहिने पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पिछले कुछ दिनों से आरोपी युवक शादीशुदा महिलाओं से फोन के जरिए संपर्क कर उन्हें अपने झांसे में ले रहा था। वह ज्यादातर ऐसी महिलाओं को झांसे में लेता था, जिनके पति बाहर काम करते हैं। वह महिलाओं पर कुछ पैसे खर्च कर ऊंचे सपने दिखाता था। पकडे गए अभियुक्त के पास से लूटा गया मंगलसूत्र, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी एचआईवी पॉजिटिव भी है। मेडिकल रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है।
आपको बता दें कि देवरिया जिले के एकौना क्षेत्र की महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह 16 जून को गोरखपुर से गजपुर मोड़ पर पहुंची थी। इसी बीच बड़हलगंज थाना क्षेत्र का एक युवक वहां पहुंचा और पूछा कि कहां जाना है। गांव का नाम बताने पर उसने कहा कि वहीं जाना है। वह बाइक लेकर पड़पुरवा नहर के पास पहुंचा और उसका मंगलसूत्र लूटने के बाद उसे धक्का देकर भाग गया। आरोप है कि युवक कई महिलाओं को प्रेम का झांसा देकर उनका यौन शोषण कर चुका है।
पुलिस रविवार रात माहोपार नहर पुलिया पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोका तो वह भागने लगा। इस पर पुलिस ने उसे घेर लिया। यह देख आरोपी ने पुलिस पर तमंचे से दो राउंड फायर कर दिए। बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। दाहिने पैर में गोली लगने से आरोपी गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मुंबई समेत कई थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। अब उसकी मेडिकल रिपोर्ट में ह्यूमन इम्यूनो डेफिसिएंसी वायरस (एचआईवी) की पुष्टि होने के बाद हड़कंप मच गया है।
पैर में गोली लगने के बावजूद उसके चेहरे पर मुस्कान थी। बताया जा रहा है कि करीब छह माह पहले युवक को पता चला कि वह एचआईवी पॉजिटिव है। इसके बाद उसने इस बीमारी को फैलाने की कसम खा ली। उसका एकमात्र मकसद महिलाओं को धोखा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाना था। इसके बाद उसने कई महिलाओं को झांसे में लेकर न सिर्फ उनका यौन शोषण किया, बल्कि उनके जेवर भी चुराने लगा। ठगी के बाद भी महिलाओं ने समाज के डर से शिकायत नहीं की। युवक के एचआईवी पॉजिटिव होने की खबर इलाके में जंगल में आग की तरह फैल गई है।
पीड़ित महिलाओं के मुताबिक़ वह खुद को बड़ा कारोबारी बताता था। जिससे कई महिलाएं उसके झांसे में आ गईं। उनका विश्वास जीतने के बाद वह जेवर भी ले लेता था। महिलाओं को ठगी का पता तब चला, जब वह फोन बंद कर भाग गया। पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी युवक कई महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है। हालांकि, युवक से बात करने वाली कोई भी महिला उसका असली नाम और पता नहीं बता सकी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 16 जून को एक महिला जेवर छीनने का आरोप लेकर गगहा पुलिस के पास पहुंची। उसके साथ उसके परिवार के लोग भी थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को महिला पर शक हुआ। पूछताछ में महिला ने कबूला कि वह पिछले कुछ महीनों से मोबाइल फोन पर एक युवक से बात कर रही थी। एक दिन युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाया। युवक ने अच्छे कपड़े पहने हुए थे और उसने महिला पर कुछ पैसे भी खर्च किए। कुछ दिन मिलने के बाद युवक ने बताया कि उसने गले में जो मंगलसूत्र और कानों में झुमके पहने हुए हैं, वह बहुत हल्के हैं। उसने उसे मजबूत बनवाने का लालच देकर जेवर ले लिए। इसके बाद उसने अपना फोन बंद कर लिया। Deoria News