लखनऊ : समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संभल मामले की रिपोर्ट पेश की है। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के द्वारा संभल में जानबूझ कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। भाजपा ने अफसरों के जरिए जानबूझ कर संभल में हिंसा भड़काई और निर्दोष लोगों पर अत्याचार किया। जब सपा प्रतिनिधिमंडल संभल पहुंचा तो उसे रोक दिया गया। उसे वहां जाने नहीं दिया गया। सरकार क्या छिपाना चाहती थी?
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के दो पहिये हैं, एक अन्याय और दूसरा भ्रष्टाचार। ये लोग भ्रष्टाचार के मामलों को दबाने के लिए प्रदेश में जगह-जगह हिंसा कर रहे हैं। अधिकारी अन्याय की सारी हदें पार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यूपी में हर दिन 50 हजार गायें काटी जा रही हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। यही भाजपा विधायक कह रहे हैं कि अगर आज प्रदेश में भाजपा का मुख्यमंत्री नहीं होता तो ये सीएम आवास में घुस जाते…मैं कहूंगा कि योगी आदित्यनाथ भाजपा के नहीं हैं। मैं उनसे कहूंगा कि वे आएं और सीएम आवास में घुस जाएं।
योगी सरकार पर कटाक्ष करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि मिल्कीपुर में सबसे साफ-सुथरा चुनाव होने जा रहा है। मीडिया वालों को भी कैमरा लेकर वहां जाना चाहिए, ताकि उन्हें पता चल सके कि वहां कैसे चुनाव होते हैं। हाल ही में जब नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए, तो देखा गया कि प्रशासन की मदद से लोगों को वोट नहीं डालने दिया गया। बूथों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए और लोगों को वोट नहीं डालने दिया गया।