भारतीय कमेरा वर्ग पार्टी का कांग्रेस में विलय

चंडीगढ़, 22 फरवरी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ उदयभान और सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की मौजूदगी में भारतीय कमेरा वर्ग पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और कोसली से पूर्व प्रत्याशी रहे प्रोफेसर महेश कुमार के नेतृत्व में आज पार्टी की राष्ट्रीय कमेटी, प्रदेश कमेटी तथा जिला व हलका पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी में आस्था व्यक्त करते हुए अपनी पार्टी का विलय किया और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर दीपेंद्र हुड्डा ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने सभी को पार्टी में उचित मान-सम्मान देने का भरोसा देते हुए कहा कि कमेरा वर्ग पार्टी के कांग्रेस पार्टी में विलय से हरियाणा में पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी। सभी साथी जमीनी संघर्ष से जुड़े रहे हैं और इन्होंने प्रदेश में प्रजातंत्र को बचाने के लिये कांग्रेस पार्टी को समर्थन दिया है। कमेरा वर्ग पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक प्रो. मेहश कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग को दबाने में लगी है। 10 साल पहले जो हरियाणा कांग्रेस की हुड्डा सरकार में तेजी से आगे बढ़ रहा था उसे दोबारा से प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिये कमेरावर्ग पार्टी का कांग्रेस पार्टी में विलय का फैसला किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने सभी को पटका पहनाकर कांग्रेस में शामिल कराया। उन्होंने कहा कि जब-जब गरीब, वंचित, दलित व पिछड़ा वर्ग कांग्रेस पार्टी से विमुख हुआ है तब-तब कांग्रेस हारी है और सबसे ज्यादा अत्याचार इन वर्गों पर हुआ है। लेकिन, जब ये वर्ग कांग्रेस के साथ आया तब न सिर्फ कांग्रेस सरकार बनी, बल्कि इन वर्गों का भरपूर विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस परिवार तेजी से मजबूत हो रहा है और प्रदेश की गठबंधन सरकार अब चंद महीनों की मेहमान बची है। 

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में बदलाव की लहर है। पिछले करीब 1.5 वर्ष के दौरान में BJP, JJP, INLD, AAP जैसे दलों को छोड़कर 36 से ज्यादा पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी, हजारों कार्यकर्ता कांग्रेस जॉइन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी सरकार है जिसके राज में हरियाणा विकास की पटरी से उतर गया और बेरोजगारी में नंबर 1 बन गया। आज देश में प्रजातंत्र का गला घोंटा जा रहा है, जिसकी पूरी तस्वीर चंडीगढ़ मेयर चुनाव में देश ने देखी है। बीजेपी सरकार अब देश के संविधान को बदलने की साजिश रच रही है लेकिन हम देश के संविधान का एक शब्द भी बदलने नहीं देंगे। कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ देश के प्रजातंत्र, संवैधानिक अधिकारों को बचाने की लड़ाई लड़ रही है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *