हरियाणा सरकार के 9 अतुलनीय वर्ष’ नामक पुस्तक का विमोचन

चंडीगढ़, 3  फरवरी। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज  सूरजकुंड फरीदाबाद में ‘हरियाणा सरकार के 9 अतुलनीय वर्ष’ – एक नये  एवं जीवंत हरियाणा का उदय शीर्षक नामक पुस्तक का  विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्मयंत्री मनोहर लाल विशेषतौर पर मौजूद रहे।

पुस्तक का विमोचन करने के बाद उप राष्ट्रपति ने हरियाणा को देश के लिए रोल मॉडल बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरदर्शी सोच के अनुरूप व्यवस्था परिवर्तन और सुशासन को लेकर किया गया कार्य आसान नहीं था। व्यवस्था परिवर्तन का यह काम इसलिए कठिन था क्योंकि  ऐसा  काम करने से सबसे पहले वह लोग आपको चुनौती देते हैं जो आपके इर्द गिर्द होते हैं। वे आपके सामने एक प्रश्न खड़ा करते हैं कि सत्ता में क्यों आए हो, दशकों की राजनीतिक संस्कृति क्यों बदल रहे हो, अपने लोगों को नौकरी नहीं देंगे तो हमें सपोर्ट कौन करेगा।  लेकिन,  मनोहर लाल ने पूरे हरियाणा को अपना परिवार माना और व्यवस्था परिवर्तन का काम कर दिखाया।

उन्होंने कहा की यह संकेत हरियाणा में नहीं अपितु पूरे देश में गया है। आज हरियाणा के ‘ट्रांसपेरेंट-अकाउंटेबल- ऑनेस्ट रिक्रूटमेंट प्रोसेस’ की चर्चा पूरे  देश में होती है।  उन्होंने कहा कि  कृषि, खेल और रक्षा सेवाओं सहित अनेक क्षेत्रों में आज हरियाणा का परचम है।  हरियाणा के  किसान और जवान ने हमेशा हमारा सिर ऊंचा करने का कार्य किया है।  

उन्होंने मनोहर लाल के सुशासन के सातों सिद्धांत ‘ शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान, स्वावलंबन, सुशासन और सेवा ‘को सात्विक बताते हुए कहा की ये सातों सिद्धांत प्रजातांत्रिक मूल्यों के लिए अति आवश्यक हैं।

जगदीप धनखड़ ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी तरह से बदल रहा है। आज के दिन उभरते हुए भारत को आप देखेंगे तो जो परिकल्पना हमारी सांस्कृतिक विरासत में है वो हमारी तरक्की में पूरी तरह झलक रही है।  भारत का अमृतकाल आज गौरव काल है।  यह वह कालखंड है जिसमें भारत की ऐसी मजबूत नींव भरी जा रही है जो यह सुनिश्चित करेगी कि  2047 का भारत, जब भारत आजादी के 100 वर्ष बना रहा होगा, विकसित भारत होगा।  

उन्होंने कहा कि 10 साल से पहले  देश ‘स्कैम’ और चिंताजनक अर्थव्यवस्था के लिए खबरों में रहता था। आज हम दुनिया की पांचवी बड़ी महाशक्ति बने हैं, हमने कनाडा को पीछे छोड़ा, हमने इंग्लैंड को पीछे छोड़ा, हमने फ्रांस को पीछे छोड़ा और आने वाले 2 -3 साल में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी महाशक्ति होगा। जापान और जर्मनी भी हमसे पीछे रहेंगे।

धनखड़ ने कहा कि एक ऐसा समय था कि भ्रष्टाचार के चलते  मिडलमैन  के  बिना कोई काम सरकार में संभव ही नहीं था और आज मिडिलमैन की संस्कृति बिल्कुल गायब हो चुकी है।  आज के दिन हमारे यंग माइंड्स को कितना बड़ा इकोसिस्टम मिल रहा है, इससे युवाओं मनोबल बढ़ा है और वे अपनी कामयाबी के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।  

पुस्तक हरियाणा का नया इतिहास बनेगी – राज्यपाल

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि यह हरियाणा वासियों के लिए गौरव की बात है कि हरियाणा राज्य के विगत नौ साल में हुए विकासात्मक परिवर्तन के सभी गवाह बने हैं और निरंतर हो रहे विकास के फलस्वरूप आगामी पीढ़ी सदैव हरियाणा के इन गौरवशाली पलों को याद रखेगी। राज्यपाल ने कहा कि आज हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने भ्रष्टाचार  मुक्त शासन देते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ हरियाणा एक-हरियाणवी एक के सिद्धांत पर आगे बढ़ते हुए समान विकास की विचारधारा से कदम बढ़ाए हैं। नित नए आयाम स्थापित करते हुए हरियाणा की पहचान अब दुनिया में कायम हो रही है। उन्होंने हरियाणा सरकार के नौ अतुलनीय वर्ष पर केंद्रित पुस्तक को प्रदेश के ट्रैक रिकार्ड की पुस्तक बताया।
सुशासन व अंत्योदय की भावना पर आगे बढ़ते हुए प्रदेशवासियों के जीवन को बनाया सुगम : मनोहर लाल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार के 9 अतुलनीय वर्ष पुस्तक में राजनीतिक, शिक्षाविद, सामाजिक, प्रशासनिक व न्यायिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के विचारों का समावेश किया गया है। देश व समाज के हित में प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रबुद्धजनों  ने भी इस पुस्तक में अपनी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने अपने 9 वर्ष के कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए कहा कि इन 9 वर्षों में सरकार ने जमीनी हकीकत पर कार्य किया और जनमानस की तकलीफों को महसूस करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया। सुशासन व अंत्योदय की भावना पर आगे बढ़ते हुए प्रदेशवासियों के जीवन को सुगम बनाया है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *