विज ने किया डिफेंस कॉलोनी बंध रोड के निर्माण का शिलान्यास

चंडीगढ़ 29 जनवरी। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में डिफेंस कॉलोनी कच्चे बंध रोड को पक्का करने का यह पहला ऐसा प्रोजेक्ट है जिसमें सेना और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं। अंबाला कैंट एक खूबसूरत शहर है, हमें मिलकर ही काम करने चाहिए क्योंकि यहां हम मिलकर बसे हुए हैं और मिलकर काम करने से शहर का और विकास होता हैं।

विज आज अंबाला कैंट में सवा करोड़ रुपए की लागत से डिफेंस कॉलोनी कच्चे बध रोड को पक्का करने के निर्माण कार्य का शिलान्यास करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले, डिफेंस कॉलोनी गुड सिटिजन वेलफेयर सोसायटी और कैंटोनमेंट बोर्ड अधिकारियों ने मुख्य अतिथि गृह मंत्री अनिल विज व स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर रणजीत सिंह को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस एरिया में ढेरों विकास कार्य करवाए : विज

विज ने कहा कि पहले डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र उनके विधानसभा क्षेत्र में नहीं था, जैसे ही यह इलाका उनके विधानसभा क्षेत्र में आया तो उन्होंने यहां जो भी विकास कार्य उनके संज्ञान में लाए गए उन्हें करवाया। भविष्य में भी इस क्षेत्र के लोगों द्वारा जो भी कार्य बताए जाएंगे उन्हें पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कच्चे बध रोड को पक्का करने के कार्य पर लगभग सवा करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी, जिसमें 50 लाख रुपए की राशि उन्होंने अपने स्वैच्छिक कोष से तथा 75 लाख रुपए की राशि कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा खर्च की जाएगी।
जहां विकास के दर्शन नहीं होते थे वहां विकास कार्य करवाए : विज

विज ने कहा कि डिफेंस कालोनी ही नहीं, बीडी फ्लोर मिल के पीछे जितनी भी कॉलोनी हैं जहां पर विकास कार्यों के दर्शन तक नहीं होते थे, वहां पर उन्होंने विकास कार्य करवाए। इसके साथ-साथ चन्द्रपुरी, सुन्दर नगर जोकि विकास कार्यो से अछुता था, वहां पर भी विकास कार्य करवाए। उन्होंने कहा कि काम करना हमारा धर्म हैं। उन्होंने बताया कि सन् 1999 में मैंने यहां पर पेयजल की पाईप लाईन डलवाई थी, समय के मुताबिक अब क्षेत्र बढ़ गया हैं, इसलिए लोगों को आगे पेयजल की समस्या न हो इसके लिए अद्दो माजरा से दूसरी पेयजल पाइप लाइन कलर खेड़ी तक बिछाई जा रही है। यहां पर बूस्टर भी बनाया गया हैं ताकि बिना मोटर के तीसरी मंजिल तक आसानी से पानी पहुंच सके।

राज्य सरकार को ट्रांसफर होनी चाहिए डिफेंस कालोनी बांध रोड : विज

विज ने कहा कि क्षेत्र के मामले में अंबाला कैंट की स्थिति कुछ अलग है। कुछ क्षेत्र नगर परिषद में आता है तो कुछ क्षेत्र कैंटोनमेंट बोर्ड के तहत आता हैं। डिफेंस कालोनी बांध रोड कैंटोनमेंट बोर्ड के अधीन है जोकि हरियाणा सरकार को स्थानांतरित होनी चाहिए ताकि भविष्य में यहां आसानी से विकास कार्य हो सके। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार और कैंटोनमेंट बोर्ड को मिलकर कार्य करना है।

500 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा शहीदी स्मारक : विज

विज ने कहा कि 500 करोड़ रुपए की लागत से अम्बाला छावनी जीटी रोड पर अम्बाला में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का शहीदों को समर्पित शहीदी स्मारक बनाने का काम किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि आजादी की पहली लड़ाई अम्बाला छावनी से शुरू हुई थी, इस स्मारक को बनाए जाने के लिए उन्होंने लंबी लड़ाई लड़ी, हर मंच से यहां पर स्मारक बनाए जाने की बात रखी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनते ही हरियाणा के मुख्यमंत्री ने इस स्मारक को बनाए जाने की स्वीकृति दी और आज यहां पर भव्य स्मारक बनाने का काम किया जा रहा हैं, जिसका कार्य तेजी से जारी हैं।

इससे पहले, डिफेंस कॉलोनी गुड सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि यह रोड डिफेंस कालोनी की लाइफ लाइन है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *