सीएम ने कैबिनेट से साथ किए अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन

चंडीगढ़, 24 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने आज राज्य मंत्रिमंडल और विधायकों के साथ अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन किए और प्रदेशवासियों के सुख व समृद्धि की कामना की।


नायब सिंह ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि श्री रामलला अयोध्या में विराजमान हुए हैं और हमें उनके दर्शन करने का मौका मिला है, यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। बड़ी संख्या में लोग श्री रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे हैं।


तीर्थ स्थलों के लिए है मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना


नायब सिंह ने कहा कि हरियाणा में तीर्थ स्थलों का भ्रमण करने के इच्छुक लोगों के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना चलाई है, जिसके तहत अब लोगों को तीर्थ स्थलों का भ्रमण करवाया जा रहा है। इसी कड़ी में सरकार ने श्रमिकों को भी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ देने का निर्णय लिया है और विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।


कुरुक्षेत्र में तीर्थ स्थलों को विकसित कर रही सरकार


मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, जिसे गीता की धरती के नाम से जानते हैं, के विकास पर लगभग 250 करोड़ रुपये की अनेक परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। हाल ही में, कुरुक्षेत्र में संवाद केंद्र और अनुभव केंद्र का उद्घाटन हुआ है। कुरुक्षेत्र में भी प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आते हैं। महाभारत कालीन सभी स्थलों का जीर्णोद्धार करवाया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि पंचकूला में श्री माता मनसा देवी और श्री नाडा साहिब गुरुद्वारा, गुरुग्राम में श्री माता शीतला मंदिर आदि में भी जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। गुरुग्राम में जंगल सफारी विकसित की जा रही है।


इस मौके पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता,कैबिनेट मंत्री कंवर पाल, मूलचंद शर्मा, जय प्रकाश दलाल, डॉ. बनवारी लाल, डॉ. कमल गुप्ता, विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, राज्य मंत्री सीमा त्रिखा, महिपाल ढांडा, डॉ. अभय सिंह यादव, सुभाष सुधा, बिसम्बर सिंह, संजय सिंह और विधायक, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय मौजूद रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *